रायपुर में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार,श्मशान घाट के पास कर रहा था गांजा का सौदा

रायपुर में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार,श्मशान घाट के पास कर रहा था गांजा का सौदा

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गांजा बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 186 ग्राम गांजा जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार बुधवार को थाना तेलीबांधा और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर अजय मोटवानी उर्फ अज्जू (36) शताब्दी नगर स्थित श्मशान घाट के पास गांजा बिक्री की फिराक में है। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई।

रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को अवैध रूप से गांजा बेचते हुए पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 2 किलो 186 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 248/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अजय मोटवानी उर्फ अज्जू क्षेत्र का सक्रिय हिस्ट्रीशीटर है। उसे पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। आरोपी के खिलाफ जिला बदर और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। इसके बावजूद वह आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा।

पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।