BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ के तीन खिलाड़ियों की एंट्री

BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ के तीन खिलाड़ियों की एंट्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के लिए गर्व की बात है। राज्य के तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इमर्जिंग मेन्स टूर्नामेंट-2026 के लिए किया गया है। यह चयन ऑल इंडिया जूनियर चयन समिति और सीनियर चयन समिति द्वारा किया गया है।

टूर्नामेंट का आयोजन 6 जुलाई से 24 जुलाई तक BCCI Centre of Excellence, बेंगलुरु में होगा। देशभर के उभरते हुए क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

चयनित खिलाड़ियों में वरुण सिंह भुई – टीम ए, मयंक वर्मा – टीम बी और  आयुष पांडे- टीम डी शामिल हैं।

टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच तीन मल्टी-डे मैच खेले जाएंगे। इन मुकाबलों के जरिए खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव मिलेगा। साथ ही उन्हें बीसीसीआई के शीर्ष कोचों और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में अपनी तकनीक और खेल कौशल को निखारने का अवसर भी प्राप्त होगा।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के मंच युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ-साथ भविष्य में भारत की सीनियर टीम तक पहुंचने की राह भी आसान बनाते हैं।

छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है। राज्य के क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।