CCPL-3 Final: 4 विकेट जल्दी गिरने के बाद संभली रायगढ़ लायंस,बिलासपुर बुल्स को 161 रन का लक्ष्य

CCPL-3 Final: 4 विकेट जल्दी गिरने के बाद संभली रायगढ़ लायंस,बिलासपुर बुल्स को 161 रन का लक्ष्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL-3) के फाइनल मुकाबले में रायगढ़ लायंस ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए बिलासपुर बुल्स के सामने 161 रन का लक्ष्य रखा है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में बुल्स के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बिलासपुर बुल्स को शुरुआती सफलता मिली। रायगढ़ लायंस के बल्लेबाज एक के बाद एक पवेलियन लौटते रहे, जिससे टीम की रनगति पर असर पड़ा। हालांकि नयन चौहान ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 41 रन बनाए और टीम की पारी को संभाला।

उनके अलावा संगीत सोनी ने 32 रन, आलोक साहू ने 25 रन और दीपक यादव ने 22 रनों का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत रायगढ़ लायंस ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए।

बुल्स के गेंदबाजों ने दिखाया दम

बिलासपुर बुल्स की ओर से भरत गोंडवानी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 विकेट झटके। वहीं वरुण सिंह भुई और मोहित राउत ने 2-2 विकेट लेकर रायगढ़ के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

अब खिताब जीतने के लिए बिलासपुर बुल्स को 20 ओवर में 161 रन बनाने होंगे। मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है और दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।