फाइनल में दहाड़े बुल्स,लायंस को किया ढेर, रायगढ़ को हराकर बिलासपुर बना सीपीएल-3 का चैंपियन
बिलासपुर ने भरत गोंडवानी की घातक गेंदबाजी और बल्लेबाजों के दम पर एकतरफा अंदाज में जीता फाइनल
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण का खिताब बिलासपुर बुल्स ने अपने नाम कर लिया। रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में बुल्स ने रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मैच के दौरान प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने ग्राउंड का पूरा चक्कर लगाकर दर्शकों और खिलाड़ियों को उत्साह बढ़ाया।


टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बिलासपुर बुल्स ने रायगढ़ लायंस को 160 रन पर रोक दिया। रायगढ़ की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन ही बना सकी। टीम की ओर से नयन चौहान ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। संगीत सोनी ने 32, आलोक साहू ने 25 और दीपक यादव ने 22 रनों का योगदान दिया।
बिलासपुर के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही सधी हुई गेंदबाजी की। भरत गोंडवानी ने 3 विकेट झटककर रायगढ़ की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं वरुण सिंह भुई और मोहित राउत ने 2-2 विकेट हासिल किए।
16.3 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। पवन परनाते ने 39 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि विकल्प तिवारी 39 रन बनाकर नाबाद लौटे। आयुष पांडे ने भी 33 रनों का अहम योगदान दिया।
बुल्स ने 16.3 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर 164 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। रायगढ़ लायंस की ओर से प्रवीण कुमार यादव और शुभम अग्रवाल को एक-एक विकेट मिला।

भरत गोंडवानी बने प्लेयर ऑफ द मैच
फाइनल मुकाबले में 3 महत्वपूर्ण विकेट लेने वाले भरत गोंडवानी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी शानदार गेंदबाजी ने रायगढ़ लायंस को बड़े स्कोर तक पहुंचने नहीं दिया और बिलासपुर की जीत की नींव रखी।
सीसीपीएल-3 के पूरे सत्र में शानदार प्रदर्शन करने वाली बिलासपुर बुल्स ने फाइनल में भी अपना दबदबा कायम रखते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। खिताबी जीत के साथ टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी।
बस्तर बैंड की शानदार प्रस्तुति

thebiginningtimes