रायपुर में ओवरब्रिज के नीचे खड़ी थी महिला,तलाशी में पुलिस को मिला 1 लाख का गांजा

रायपुर में ओवरब्रिज के नीचे खड़ी थी महिला,तलाशी में पुलिस को मिला 1 लाख का गांजा

रायपुर। सरस्वती नगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक महिला को 2.040 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुकुरबेड़ा स्थित ओवरब्रिज के नीचे एक महिला गांजा लेकर खड़ी है और बिक्री करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम खुशी देवार (19 वर्ष) निवासी देवार बस्ती, कुकुरखेड़ा, थाना सरस्वती नगर बताया। पुलिस ने उसके पास मौजूद थैले की तलाशी ली, जिसमें 2.040 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी महिला को मौके से गिरफ्तार कर गांजा जब्त कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपए है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देशन तथा थाना सरस्वती नगर पुलिस की टीम द्वारा की गई। पुलिस ने कहा है कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।