हेयर स्टाइलिंग से स्किन केयर तक सीखे ब्यूटी के गुर,रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस की कार्यशाला में 60 से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा
रायपुर। महिलाओं के व्यक्तित्व विकास, सौंदर्य जागरूकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस ने VLCC स्कूल ऑफ ब्यूटी के सहयोग से दो दिवसीय ‘बी योर ओन स्टाइल’ ब्यूटी एवं ग्रूमिंग कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में 60 से अधिक महिलाओं और क्लब सदस्यों ने भाग लेकर सौंदर्य एवं व्यक्तित्व निखार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यशाला का संचालन VLCC स्कूल ऑफ ब्यूटी की हेड एवं प्रसिद्ध ब्यूटी विशेषज्ञ नम्रता गुगलानी के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को हेयर स्टाइलिंग, बेसिक मेकअप, स्किन केयर और पर्सनल ग्रूमिंग से संबंधित आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से दैनिक जीवन में इन तकनीकों के उपयोग के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि सही स्किन केयर, उपयुक्त हेयर स्टाइल और संतुलित मेकअप न केवल व्यक्तित्व को आकर्षक बनाते हैं, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतिभागियों ने विभिन्न ब्यूटी टिप्स और ट्रेंड्स के बारे में जानकारी हासिल की तथा विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस की अध्यक्ष सत्र 2026-27 की रोटेरियन प्रियंका गुप्ता ने कहा कि क्लब केवल सामाजिक सेवा गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें सीखने के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला महिलाओं को स्वयं को बेहतर ढंग से समझने, संवारने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने कार्यशाला को उपयोगी बताते हुए ऐसे आयोजनों की सराहना की और भविष्य में भी इसी तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।
thebiginningtimes