रेलवे स्टेशन के सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर में 17 वर्षों से सेवा का महायज्ञ,हर शनिवार हजारों श्रद्धालुओं पर बरसती है बजरंगबली की कृपा

रेलवे स्टेशन के सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर में 17 वर्षों से सेवा का महायज्ञ,हर शनिवार हजारों श्रद्धालुओं पर बरसती है बजरंगबली की कृपा

रायपुर। राजधानी के रेलवे स्टेशन परिसर स्थित श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर में पिछले 17 वर्षों से हर शनिवार आयोजित होने वाला महाभंडारा आस्था और सेवा की मिसाल बना हुआ है। वर्ष 2009 से शुरू हुई यह परंपरा बिना किसी व्यवधान के लगातार जारी है। शनिवार को भी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और महाप्रसाद ग्रहण किया।

राठी परिवार की ओर से जनकल्याण की भावना के साथ प्रत्येक शनिवार महाभंडारे का आयोजन किया जाता है। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। पूजा-अर्चना के बाद भक्तों को महाप्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान पूरा परिसर धार्मिक माहौल से सराबोर नजर आया।

श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति के संस्थापक कुबेर राठी ने बताया कि दक्षिणमुखी हनुमान जी का यह मंदिर श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दक्षिणमुखी हनुमान संकटों का नाश करने वाले माने जाते हैं। उन्होंने कहा कि जो भी श्रद्धालु सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ यहां अपनी प्रार्थना करता है, उसकी मनोकामना भगवान की कृपा से पूरी होती है।

कुबेर राठी ने कहा कि 17 वर्षों से लगातार चल रहा यह महाभंडारा किसी व्यक्ति के प्रयास से नहीं, बल्कि भगवान बजरंगबली की कृपा और आशीर्वाद से संभव हो पाया है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।

महाभंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर परिसर 'जय श्रीराम' और 'जय बजरंगबली' के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने राठी परिवार और मंदिर सेवा समिति की इस निरंतर सेवा परंपरा की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।