रायपुर में भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी का बिना शोरगुल के हुआ स्वागत

रायपुर में भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी का बिना शोरगुल के हुआ स्वागत

बाइक रैली भी स्थगित,आईटी सेल की रहेगी नजर

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आज रायपुर पहुंची। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत सादगी से किया गया। संगठन की ओर से नामित 16 पदाधिकारी और विधायक स्वागत के लिए पहुंचे। इस दौरान न तो ढोल-ताशे बजाए गए और न ही किसी मंत्री को बुलाया गया।

स्वागत के लिए प्रस्तावित भाजयुमो की बाइक रैली भी स्थगित कर दी गई। एयरपोर्ट से स्मृति ईरानी भाजपा कार्यालय पहुंची। यहां भी सादगी के साथ उनका स्वागत किया गया। वहीं स्मृति ईरानी के निर्देश पर भाजपा कार्यालय के भीतर से पुलिस सुरक्षा हटाई गई है। वहीं एक कार्यकर्ता स्मृति ईरानी के साथ सेल्फी लेना चाह रही थीं। इस पर स्मृति ईरानी ने प्यार से उनके सिर पर हाथ रखा और सेल्फी लेने से मना कर दिया। स्मृति ईरानी के साथ प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी छत्तीसगढ़ पहुंचे। दोनों नेता आज-कल प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठन और जनप्रतिनिधियों के साथ कुल 12 बैठकों में शामिल होंगे।

आईटी सेल रखेगा गतिविधियों पर नजर
पार्टी का आईटी सेल वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की इंटरनेट मीडिया गतिविधियों पर नजर रखेगी। उनके हैंडल से साझा सामग्री और सक्रियता के आधार पर रिपोर्ट या रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा। इस कवायद को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों तथा मिशन 2028 और 29 की तैयारियों से जोडक़र देखा जा रहा है। दोनों नेता भाजपा के पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों, सांसदों-विधायकों तथा निगम, आयोग और मंडलों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों से संवाद करेंगे।

कल मंत्री और विधायकों से संवाद

सोमवार को सुबह दस से 11:30 बजे तक राज्य के सभी भाजपा विधायकों के साथ संगठनात्मक चर्चा होगी। 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक पार्टी सांसदों और 12:30 से दो बजे तक राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ बैठक होगी। दोपहर तीन से शाम 04:30 बजे तक निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक होगी। शाम 04:30 से 05:30 बजे तक विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों से संवाद किया जाएगा।