पर्यटन को नई उड़ान देने पर मंथन: जीटीए प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री राजेश अग्रवाल से की मुलाकात

पर्यटन को नई उड़ान देने पर मंथन: जीटीए प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री राजेश अग्रवाल से की मुलाकात

रायपुर। ग्लोबल ट्रैवल एसोसिएशन (जीटीए) के अध्यक्ष मनीष जैन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने और राज्य को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में एयर कनेक्टिविटी, सड़क संपर्क, पर्यटन स्थलों तक पहुंच, पर्यटन अधोसंरचना के विकास और पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विस्तार सहित पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। जीटीए प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन उद्योग को गति देने के लिए विभिन्न सुझाव भी मंत्री के समक्ष रखे।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, जनजातीय एवं सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध राज्य है। पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार, बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण अनुभव उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

22 अगस्त के जीटीए कॉन्क्लेव का दिया निमंत्रण

मुलाकात के दौरान जीटीए महासचिव शुभम अग्रवाल और कोषाध्यक्ष राहुल वासवानी ने मंत्री राजेश अग्रवाल को 22 अगस्त को होने वाले जीटीए कॉन्क्लेव में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। मंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति दी।

जीटीए प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शासन के सहयोग और पर्यटन विभाग के मार्गदर्शन से निजी क्षेत्र एवं पर्यटन उद्योग के बीच समन्वय को और मजबूत किया जाएगा। इससे प्रदेश के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार को गति मिलने के साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर जीटीए सदस्य आकाश दुधानी, आकाश अग्रवाल, अंशुल खरे, सनी बंसल, प्रणय और आयुष बजाज उपस्थित रहे।