Crime News : गांजा और नशे की टेबलेट्स केस में सलमान खान गिरफ्तार,कार भी जब्त
रायपुर ग्रामीण। तिल्दा-नेवरा पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत एनडीपीएस एक्ट के बड़े मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी खुर्शीद आलम उर्फ सलमान खान को पकड़कर उसके कब्जे से एक मारुति रिट्ज कार भी जब्त की है। पुलिस अब मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के जरिए पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक थाना तिल्दा-नेवरा में दर्ज अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत 28 जनवरी 2026 को वार्ड क्रमांक 22 सासाहोली स्थित अटल निवास में रेड कार्रवाई की गई थी। इस दौरान महिला आरोपी मधु मिश्रा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 73 किलो गांजा, 790 प्रतिबंधित नाइट्रोसन टैबलेट, 1.87 लाख रुपए नकद, 6 मोबाइल फोन, एक टैब और 3 बटनदार चाकू बरामद किए गए थे। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 41.75 लाख रुपए आंकी गई थी।

मामले की जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उड़ीसा निवासी प्रणब कुमार नाइक और सफीकुल रहमान खान को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद पुलिस लगातार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने खुर्शीद आलम उर्फ सलमान खान को चिन्हित किया। आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह प्रणब कुमार नाइक और सफीकुल रहमान के साथ मिलकर मधु मिश्रा को गांजा और प्रतिबंधित नाइट्रोसन टैबलेट सप्लाई करता था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल मारुति रिट्ज कार क्रमांक CG07 MA 0858, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए बताई जा रही है, जब्त कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और जल्द ही मामले में अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
thebiginningtimes