जेसीआई के प्यार का नग़मा' में कपल्स सीखेंगे खुशहाल जीवन के गुर
रायपुर। दांपत्य जीवन में प्रेम, विश्वास और आपसी समझ को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जेसीआई रायपुर नोबल 19 जुलाई को वीआईपी रोड स्थित मधुबन फार्म में ज़ोन स्तरीय कार्यक्रम ‘प्यार का नग़मा’ आयोजित करेगा। पूरे दिन चलने वाली इस कार्यशाला में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न शहरों से चयनित 40 दंपती हिस्सा लेंगे।
जेसीआई द्वारा वर्ष 2012 से आयोजित किया जा रहा यह कार्यक्रम ज़ोन का प्रतिष्ठित प्रशिक्षण आयोजन माना जाता है। इसमें प्रतिभागियों का चयन पायलट फैकल्टी द्वारा किया जाता है, ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता और प्रभावशीलता सुनिश्चित की जा सके।
आयोजकों के अनुसार 10 घंटे की कार्यशाला में दंपतियों को वैवाहिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों जैसे प्रेम, विश्वास, संवाद, सम्मान और आपसी समझ पर व्यावहारिक एवं प्रेरणादायी प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम के पायलट फैकल्टी पीपीपी जेएफआर राजेश अग्रवाल अपने अनुभवों के आधार पर सफल और सुखद वैवाहिक जीवन के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम के दौरान कपल एंगेजमेंट गतिविधियां, मनोरंजक खेल, विशेष कपल अवॉर्ड्स और सम्मान समारोह भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में जेसीआई ज़ोन प्रेसिडेंट सीए जेएफपी प्रणव लाठ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम की चेयरमैन जेएफएम नीतू अग्रवाल, प्रोग्राम डायरेक्टर जेसी गरिमा गुप्ता और होस्ट एलओ प्रेसिडेंट जेसी सुलभा पांडेय के नेतृत्व में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जेसीआई रायपुर नोबल की अध्यक्ष जेसी सुलभा पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य दंपतियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे बेहतर संवाद और आपसी विश्वास के माध्यम से अपने वैवाहिक जीवन को और अधिक सुदृढ़ बना सकें।
thebiginningtimes