खरोरा वार्ड-3 के मुक्तिधाम का होगा कायाकल्प: 9.37 लाख रुपए के जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य का भूमिपूजन

खरोरा वार्ड-3 के मुक्तिधाम का होगा कायाकल्प: 9.37 लाख रुपए के जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य का भूमिपूजन

खरोरा। नगर पंचायत खरोरा के वार्ड क्रमांक-3 स्थित मुक्तिधाम परिसर के जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य का भूमिपूजन  पूरे विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। अध्यक्ष निधि से 9 लाख 37 हजार रुपए की लागत से होने वाले इस कार्य से मुक्तिधाम परिसर में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार और सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच संपन्न हुआ। यह पावन अनुष्ठान चंद्र कुमार डडसेना के सानिध्य में आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित जनों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विकास कार्यों के सफलतापूर्वक पूर्ण होने की कामना की।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता अनिल सोनी ने कहा कि नगर के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मुक्तिधाम जैसे सार्वजनिक स्थलों का विकास भी प्राथमिकता में शामिल है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता अनिल सोनी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) ओम प्रकाश सिंह, इंजीनियर राकेश सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

इस अवसर पर सुमित सेन, मनीषा कोशले, संदीप कोशले,  पंचराम यादव, हेमंत देवांगन, पोषण साहू, टेंशम गिलहरे एवं  प्रमोद कुम्भकार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

नागरिकों को मिलेगी बेहतर सुविधा

नगरवासियों का कहना है कि मुक्तिधाम परिसर के जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य से यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही परिसर का स्वरूप भी अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनेगा। यह कार्य क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।