एक कदम अपनों के साथ प्रकृति के नाम,रोटरी क्लब एलिगेंस की अनूठी पहल
रायपुर। पर्यावरण संरक्षण और सदस्य एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस ने पौधारोपण और पॉटलक पिकनिक का आयोजन किया। कार्यक्रम में क्लब के 60 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया और 100 पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

पौधारोपण के बाद आयोजित पॉटलक पिकनिक में सदस्यों ने अपने-अपने घर से लाए व्यंजन साझा किए। इस दौरान मनोरंजक खेलों और विभिन्न गतिविधियों के जरिए सभी ने पारिवारिक माहौल में समय बिताया। आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सदस्यों के बीच आपसी सहयोग और रिश्तों को मजबूत करना रहा।

क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन प्रियंका गुप्ता ने कहा कि पौधारोपण केवल पेड़ लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी चाहिए। वहीं क्लब की सचिव रोटेरियन डॉ. स्वाति अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के आयोजन सदस्यों के बीच टीम भावना और आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम की चेयरपर्सन रोटेरियन रेनू मित्तल ने पर्यावरण संरक्षण और सदस्य एकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधों की देखभाल के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
thebiginningtimes