राज्योत्सव में अमित शाह- मनसुख मंडाविया होंगे शामिल, सारंग हेलीकॉप्टर और सूर्यकिरण टीम दिखाएंगे हवाई करतब

राज्योत्सव में अमित शाह- मनसुख मंडाविया होंगे शामिल, सारंग हेलीकॉप्टर और सूर्यकिरण टीम दिखाएंगे हवाई करतब

सारंग हेलीकॉप्टर और सूर्यकिरण टीम दिखाएंगे हवाई करतब

बॉलीवुड सिंगर्स के परफामेंस

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर नवा रायपुर के तूता मेला मैदान में एक से तीन नवंबर तक राज्योत्सव का आयोजन होगा। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया और समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है।
इस बार की थीम ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ रखी गई है। तीन दिवसीय आयोजन में बॉलीवुड सिंगर पलक मुच्छाल, स्वस्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य के परफॉमेंस के साथ-साथ स्थानीय कलाकार छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की झलक पेश करेंगे। दो नवंबर को सारंग हेलीकॉप्टर और भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम एयर शो करेंगी। राज्योत्सव स्थल पहुंचने के लिए छह रूट निर्धारित किए गए हैं, जबकि अलग-अलग मार्गों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, तीन नवंबर को राज्य अलंकरण समारोह के साथ राज्योत्सव का समापन होगा।

राज्योत्सव स्थल पहुंचने के लिए छह रूट निर्धारित किए गए हैं। अलग-अलग शहरों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जहां गाडिय़ां पार्क कर दर्शक पैदल आयोजन स्थल तक पहुंच सकेंगे। राज्योत्सव के दौरान नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग हेलीकॉप्टर और भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम के एयर शो का आयोजन होगा। सूर्यकिरण टीम करीब 40 मिनट के शो में नौ विमानों के साथ फार्मेशन फ्लाइंग और एयरोबेटिक स्टंट्स का प्रदर्शन करेगी।

40 राज्य स्तरीय अलंकरण पुरस्कार दिए जाएंगे
राज्योत्सव के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को राज्य स्तरीय अलंकरण और पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में कुल 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाने हैं। नवा रायपुर में राज्योत्सव मेला स्थल पर मुख्य मंच के सामने विशाल डोम बनाए जा रहे हैं, जिनमें 60 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। दर्शकों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। एंट्री के लिए दो गेट होंगे, जिनमें से एक विभागीय प्रदर्शनी के लिए होगा।