63 लाख की ठगी का आरोपी गिरफ्तार, इंश्योरेंस निवेश के नाम पर किया था गबन

63 लाख की ठगी का आरोपी गिरफ्तार, इंश्योरेंस निवेश के नाम पर किया था गबन

रायपुर। रायपुर के खमतराई थाना पुलिस ने इंश्योरेंस में निवेश के नाम पर 63 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को ICICI Prudential Life Insurance से जुड़ा बताकर सुनियोजित तरीके से रकम हड़पी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मयूर बारमेडा (44) वर्ष 2008 से 2022 तक कंपनी की तेलीबांधा शाखा में सेल्स मैनेजर रह चुका है। इसी दौरान उसने प्रार्थी अमन अग्रवाल और उनके परिजनों से वर्ष 2014 से 2021 के बीच अलग-अलग चेक के माध्यम से करीब 63 लाख रुपये निवेश के नाम पर लिए।

दस्तावेज मांगने पर खुला फर्जीवाड़ा

जब प्रार्थी ने निवेश और पॉलिसी से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो आरोपी टालमटोल करता रहा। बाद में कंपनी कार्यालय में जानकारी लेने पर पता चला कि आरोपी ने चेक की रकम का दुरुपयोग करते हुए पैसे अन्य लोगों के नाम पर निवेश कर दिया और खुद लाभ उठाता रहा।


दबिश देकर पकड़ा गया आरोपी

मामले में खमतराई थाना में धारा 409 और 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे पंडरी स्थित उसके प्रतिष्ठान से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोप सिद्ध पाए जाने पर 2 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तारी की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
यह कार्रवाई नॉर्थ जोन के पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस का कहना है कि ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।