रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज की टिकटों का ऐलान,499 रुपए में तीनों मैच देखने का मौका,देखिए पूरी रेट लिस्ट और शेड्यूल

रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज की टिकटों का ऐलान,499 रुपए में तीनों मैच देखने का मौका,देखिए पूरी रेट लिस्ट और शेड्यूल

भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज के टिकट 12 अक्टूबर से मिलेंगे,ऑनलाइन ही होगी बिक्री, एक यूजर अधिकतम 6 टिकट

रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16, 18 और 20 अक्टूबर को होने वाली भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज के टिकट 12 अक्टूबर को शाम 4 बजे से ऑनलाइन मिलेंगे। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने टिकट दरों और मैच के दिन की व्यवस्थाओं की जानकारी जारी की है। दर्शक Ticketgenie ऐप से टिकट बुक कर सकेंगे। ऑफलाइन टिकट बिक्री नहीं होगी।

सीरीज के तीनों मैच शाम 7 बजे से खेले जाएंगे। सामान्य लोअर स्टैंड का एक मैच का टिकट 250 रुपए और तीनों मैचों के लिए सीजन टिकट 499 रुपए का रखा गया है। दो दर्शकों के लिए एक मैच का कॉम्बो टिकट 350 रुपए और चार दर्शकों के लिए 600 रुपए में मिलेगा।

पवेलियन टिकट 2,000 से 3,500 रुपए तक

पवेलियन स्टैंड में प्लेटिनम स्टैंड का टिकट 3,500 रुपए, गोल्ड स्टैंड का 2,500 रुपए और सिल्वर स्टैंड (चौथी मंजिल) का टिकट 2,000 रुपए निर्धारित किया गया है। कॉर्पोरेट बॉक्स का एक टिकट 3,500 रुपए का होगा। लोअर स्टैंड के लिए स्टैंड नंबर 2 से 10 तक टिकट उपलब्ध रहेंगे।

ऐप पर मिलेगा डिजिटल टिकट

टिकट की ऑनलाइन बुकिंग पूरी होने के बाद दर्शकों को Ticketgenie ऐप पर डिजिटल टिकट और QR कोड मिलेगा। स्टेडियम में प्रवेश के लिए गेट पर QR कोड दिखाना होगा। एक यूजर अधिकतम छह टिकट खरीद सकेगा।

पार्किंग के लिए 8 जोन निर्धारित

मैच के दौरान वाहनों की पार्किंग और यातायात व्यवस्था के लिए स्टेडियम के आसपास आठ जोन बनाए गए हैं। इन्हें पार्किंग ए, बी, सी, डी, ई, एफ, जी और एच नाम दिया गया है। CSCS पुलिस और ट्रैफिक विभाग के साथ समन्वय कर दर्शकों की आवाजाही को सुचारू बनाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए काम करेगा।

मैच का शेड्यूल

- 16 अक्टूबर: भारत बनाम जिम्बाब्वे, शाम 7 बजे
- 18 अक्टूबर: भारत बनाम जिम्बाब्वे, शाम 7 बजे
- 20 अक्टूबर: भारत बनाम जिम्बाब्वे, शाम 7 बजे