नशे के सौदागरों पर रायपुर कमिश्नरेट का बड़ा प्रहार : 1.20 करोड़ का गांजा जब्त, पिता-पुत्र गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 191.525 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपए बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है, जो ट्रक में भारी मशीनरी के बीच सात बोरियों में गांजा छिपाकर ओडिशा से नागपुर ले जा रहे थे। कमिश्नरेट बनने के बाद यह रायपुर में पकड़ी गई अब तक की सबसे बड़ी गांजा खेप मानी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर नाकेबंदी की। सूचना के आधार पर पश्चिम बंगाल नंबर के छह चक्का अशोक लीलैंड ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।
*भारी मशीनों के नीचे छिपाई थीं सात बोरियां*
शुरुआती जांच में ट्रक में केवल भारी मशीनरी लदी दिखाई दी, लेकिन पुलिस ने बारीकी से जांच की तो मशीनों के नीचे और बीच में छिपाकर रखी गई सात बोरियां मिलीं। इनमें अलग-अलग पैकेटों में गांजा भरा हुआ था। पुलिस ने मौके से 191.525 किलो गांजा, ट्रक और उसमें लदी मशीनरी जब्त कर ली।
*एक महीने से पुलिस की निगरानी में थे तस्कर*
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों और उनके नेटवर्क पर पिछले करीब एक माह से गोपनीय निगरानी रखी जा रही थी। तकनीकी इनपुट और मुखबिर तंत्र से मिली पुख्ता जानकारी के बाद योजनाबद्ध तरीके से नाकेबंदी कर दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता मिली।
*ओडिशा से नागपुर तक फैला था तस्करी का रूट*
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद लाल (36) और उसके 19 वर्षीय बेटे मोहम्मद रूस्तम के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के निवासी हैं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में रह रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि मोहम्मद लाल करीब 25 वर्षों से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा है और ओडिशा के रास्ते विभिन्न राज्यों में माल परिवहन करता था। पुलिस के अनुसार इस बार गांजा ओडिशा से नागपुर ले जाया जा रहा था।
*नेटवर्क की तलाश में एंड-टू-एंड जांच*
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। अब पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं और एंड-टू-एंड जांच जारी है।
*कमिश्नरेट में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई*
रायपुर पुलिस के अनुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट अब तक एनडीपीएस एक्ट के 62 मामलों में 152 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन कार्रवाइयों में करीब 5.22 करोड़ रुपए कीमत के गांजा, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर, प्रतिबंधित दवाएं, अफीम, वाहन, हथियार और अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी है।
thebiginningtimes